भगवंत मान कैबिनेट में बदलाव पर BJP ने कसा तंज, कहा- देश में ‘सबसे अधिक भ्रष्ट’ पार्टी बन गयी है AAP - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भगवंत मान कैबिनेट में बदलाव पर BJP ने कसा तंज, कहा- देश में ‘सबसे अधिक भ्रष्ट’ पार्टी बन गयी है AAP

भाजपा ने बलबीर सिंह को पंजाब सरकार में मंत्री के रूप में शामिल करने पर यह कहते हुए

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बलबीर सिंह को पंजाब सरकार में मंत्री के रूप में शामिल करने पर यह कहते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की निंदा की है कि यह पार्टी देश में ‘सबसे अधिक भ्रष्ट’ बन गयी है।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आप तो राजनीति को बदलने की बात किया करती थी और दावा करती थी कि वह आपराधिक पृष्ठभूमि वाले किसी भी व्यक्ति को अपनी सरकार में रहने नहीं देगी, लेकिन हमले के मामले में दोषी ठहराये जा चुके एक व्यक्ति को उसने मंत्री बना दिया। उन्होंने कहा कि सिंह को एक महिला पर हमले के मामले में दोषी ठहराया गया था और यह मामला उसकी किसी रिश्तेदार ने दर्ज कराया था एवं फिलहाल सिंह जमानत पर हैं।
सिंह को फौजा सिंह सरारी के इस्तीफे के बाद मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी थी। सरारी भ्रष्टाचार से जुड़े एक ऑडियो के लीक होने के बाद पिछले कुछ महीनों से विवादों के केंद्र में थे। इस ऑडियो में कथित रूप से वह शामिल हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से सरारी ने मंत्री पद छोड़ने के लिए ‘व्यक्तिगत कारणों’ का हवाला दिया था। सिरसा ने कहा कि पहले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोपों में बर्खास्त किया गया था। उन्होंने कहा कि यह उस पार्टी की स्थिति है, जो भ्रष्टाचार का खात्मा करने का वादा कर पंजाब में सत्ता में आयी थी।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘ आप सरकार में मंत्री बनने का मापदंड है कि वह व्यक्ति कितना पैसा वसूल सकता है। वैसे तो पार्टी ने कुछ को इस्तीफा दिलवाया, लेकिन उसने अपना मानदंड बदला नहीं है। केजरीवाल पंजाब के बेताज बादशाह हैं और रिमोट कंट्रोल के माध्यम से राज्य को चला रहे हैं। वह धन की वसूली के लिए बहुत लालची हो गये हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री भी यही कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ आप देश में सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गयी है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।