भाजपा का कांग्रेस से सवाल, कहा- टाइटलर मामले में सीएम चन्नी और सिद्धू को स्पष्टीकरण देना चाहिए - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा का कांग्रेस से सवाल, कहा- टाइटलर मामले में सीएम चन्नी और सिद्धू को स्पष्टीकरण देना चाहिए

पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तरुण चुग ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और

पंजाब में विधानसभा चुनाव को देखते हुए विपक्षी दल लगातार कांग्रेस सरकार पर हमलावर हुई है। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तरुण चुग ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या उन्होंने दिल्ली कांग्रेस की नई कार्यकारिणी समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में जगदीश टाइटलर के नाम का समर्थन किया था।
टाइटलर को समर्थन, भाजपा नेता ने गिनाए नाम
टाइटलर का नाम 1984 के सिख विरोधी दंगे के सिलसिले में आया था। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव चुग ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘टाइटलर को दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से एक के रूप में नामित किया गया है जबकि सिख विरोधी दंगे के विभिन्न चश्मदीदों ने उनका, कमलनाथ और सज्जन कुमार का नाम उजागर किया था, लेकिन इसके बाद भी ये सभी पार्टी के चहेते बने हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ सिद्धू ने कहा था कि 1984 के सिख विरोधी दंगे के दौरान मुश्किल से उनकी जान बच पाई थी, लेकिन अब उन्हें कांग्रेस का नेता होने में गर्व महसूस होता है।’’
चन्नी और सिद्धू समेत सिख नेताओं को देना होगा जवाब 
चुग ने कहा कि चन्नी और सिद्धू समेत सिख नेताओं को कांग्रेस का हिस्सा होने पर पंजाब के लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए। अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की दिल्ली इकाई को बृहस्पतिवार को नई कार्यकारिणी समिति मिली।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के सी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई कार्यकारिणी समिति के गठन को मंजूरी दी है। इसके स्थायी आमंत्रितों की सूची में वरिष्ठ नेता जे पी अग्रवाल, अजय माकन, कपिल सिब्बल, जनार्दन द्विवेदी, अरविंदर सिंह लवली, सुभाष चोपड़ा और टाइटलर के नाम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।