पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस समेत सभी पार्टी को क्लीन बोल्ड करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) जल्द ही अपनी सरकार का गठन करने वाली है। आप की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारी लाल से मुलाकात की।
राज्यपाल से मुलाकात कर भगवंत मान ने राज्य में नई सरकार के गठन का दावा पेश किया। भगवंत मान 16 मार्च यानी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके लिए सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इससे पहले बीती शाम मोहाली में हुई विधायक दल की बैठक में भगवंत मान को नेता चुन लिया गया है।
16 मार्च को 12:30 बजे होगा शपथ समारोह
राज्यपाल से मुलाकात के बाद भगवंत मान ने कहा कि “मैंने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा है और पंजाब में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। राज्यपाल ने हमसे शपथ समारोह का स्थान और समय पूछा, मैंने बताया शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में 16 मार्च को 12:30 बजे शपथ समारोह होगा।”
राजभवन में शपथ नहीं लेंगे भगवंत मान
भगवंत मान राजभवन के बजाए शहीद भगत सिंह के गांव खटकरकलां में शपथ लेंगे। आप ने पंजाब विधानसभा में शहीद भगत सिंह के नाम पर वोट मांगे थे। भगवंत मान भी भगत सिंह के अनुयायी हैं। शपथग्रहण से पहले भगवंत मान 13 मार्च यानी रविवार को अमृतसर में श्रीहरमंदिर साहिब में मत्था टेकने जाएंगे और फिर अरविंद केजरीवाल के साथ भव्य रोड शो होगा।
केजरीवाल और सिसोदिया को शपथग्रहण का न्योता
भगवंत मान ने गुरुवार को दिल्ली जाकर केजरीवाल और मनीष सिसोदिया शपथग्रहण का न्योता भी दे दिया। इस मुलाकात के बाद जब भगवंत वापस मोहाली लौटे तो उन्होंने अपने विधायकों को केजरीवाल का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में दिल्ली का गवर्नेंस मॉडल को लागू करना है। आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों के बीच से ही चलेगी।