पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को और अधिकार दिए जाने पर राजनीति तेज हो गई है। शुक्रवार को अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल बादल इसके खिलाफ रोष मार्च निकालकर विरोध जताया है।पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी से निकाला गया रोष मार्च अमृतसर के गोल्डन गेट तक पहुंचा। इसकी अगुआई शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने की। बिक्रम सिंह मजीठिया मोटरसाइकिल पर बैठकर मार्च में शामिल हुए हैं। वहीं, सुखबीर सिंह बादल ओपन जीप में सवार होकर इसकी अगुवाई कर रहे हैं।
अब बार्डर से 50 किमी तक सर्च और अरेस्ट कर सकती है बीएसएफ
सुखबीर बादल के नेतृत्व में शिअद वर्करों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय बार्डर से 50 किलोमीटर भीतर तक बीएसएफ को अधिकार क्षेत्र दिए जाने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जब 15 किलोमीटर तक के अधिकार क्षेत्र होने पर बीएसएफ ड्रोन के माध्यम से हथियारों और ड्रग की तस्करी को नहीं रोक पाई तो यह दायरा बढ़ाकर 50 किलोमीटर कर दिए जाने पर बीएसएफ क्या करेगी। 

इस मोटरसाइकिल रैली का समय सुबह का था पर रैली दोपहर को निकाली गई। यह अटारी बॉर्डर से शुरू होकर बाई पास से होते हुए गोल्डन गेट अमृतसर पहुंची। इस रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह राणिके, वीर सिंह लोपोके, अमरपाल सिंह बोनी अजनाला और गुरप्रताप सिंह टक्की, तलबीर गिल के साथ बड़ी संख्या में अकाली और बसपा वर्कर शामिल रहे।
पुलिस के सामने युवकों ने बुलेट से मारे पटाखे
पूर्व डिप्टी सीएम और शिअद के प्रधान सुखबीर बादल के नेतृत्व में अटारी बॉर्डर पर निकाली गई मोटरसाइकिल रैली में बुलेट सवार युवकों ने नियम की जमकर धज्जियां उड़ाई। भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल और सीनियर पुलिस अधिकारियों ने मौजूदगी में बुलेट पर रैली में शामिल होने वाले युवकों ने बुलेट से पटाखे मारे। पुलिस अधिकारी बेबसी में यह सब देखते रहे।


















