वाईएसआर कांग्रेस के लोस उपाध्यक्ष का पद स्वीकार करने की संभावना नहीं - Punjab Kesari
Girl in a jacket

वाईएसआर कांग्रेस के लोस उपाध्यक्ष का पद स्वीकार करने की संभावना नहीं

कांग्रेस भी जिम्मेदार है। इसने राज्य का विभाजन किया लेकिन इसे विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया। लिहाजा

 वाईएसआर कांग्रेस के लोकसभा उपाध्यक्ष का पद स्वीकार करने की संभावना नहीं है क्योंकि पार्टी आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिए जाने की मांग पूरी होने तक भाजपा नीत राजग सरकार के साथ खड़े हुए नहीं दिखना चाहती है। वाईएसआर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को पीटीआई-भाषा से कहा कि उनकी पार्टी सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों से ही समान दूरी रखना चाहती है। 
वाईएसआर कांग्रेस 17वीं लोकसभा में चौथी सबसे बड़ी पार्टी है। उसके 22 सदस्य हैं। नेता ने कहा, ‘‘ आंध प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने के लिए विपक्ष, खासकर, कांग्रेस भी जिम्मेदार है। इसने राज्य का विभाजन किया लेकिन इसे विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया। लिहाजा हम उनसे भी समान दूरी रखेंगे।’’ 
बहरहाल, उनकी पार्टी सत्तारूढ़ दल को देश हित वाले कुछ मुद्दों पर समर्थन दे सकती है । लोकसभा उपाध्यक्ष पद पर रूख को लेकर वाईएसआर कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि कोई सीधी या औपचारिक पेशकश नहीं आई है लेकिन संकेत दिए गए हैं।
पार्टी के नेता ने कहा, ‘‘पार्टी को यह पद नहीं चाहिए, क्योंकि इससे सत्तारूढ़ दल के साथ खड़ा हुआ देखा जाएगा। पार्टी केंद्र के आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने तक यह (केंद्र के साथ खड़े दिखना) नहीं चाहती है।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने रूख से भाजपा नेतृत्व को अवगत करा दिया है। सूत्रों ने यह भी कहा कि लोकसभा उपाध्यक्ष का पद मात्र औपचारिक है जो उनके बहुत ज्यादा काम का नहीं है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।