पश्चिम बंगाल: गोलीबारी की वारदात पर भाजपा ने ममता को लिया आड़े हाथ, कहा- राज्य की कानून व्यवस्था अत्यंत दयनीय - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पश्चिम बंगाल: गोलीबारी की वारदात पर भाजपा ने ममता को लिया आड़े हाथ, कहा- राज्य की कानून व्यवस्था अत्यंत दयनीय

पश्चिम बंगाल में भाजपा इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में कानून

पश्चिम बंगाल की सरकार में काबिज तृणमूल कांग्रेस राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से लगातार विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर बनी हुई है। ऐसे में एक बार भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जुबानी हमला किया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था अत्यंत खराब है तथा गोलीबारी की घटनाएं आम बात हो गई हैं। दक्षिण कोलकाता में एक व्यवसायी पर किये गए हमले का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि लोग डरे हुए हैं।
घोष ने यहां भाजपा कार्यालय पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, “असामाजिक तत्वों द्वारा गोलीबारी की घटनाएं राज्य के विभिन्न हिस्सों में रोज हो रही हैं लेकिन पुलिस पर सत्तारूढ़ दल के नेताओं का दबाव होने के चलते वह कार्रवाई नहीं कर रही है।” पुलिस ने बताया कि गोर्की सदन के एल्गिन क्षेत्र में आधीरात को मोटरसाइकिल सवार 15-18 लोग आए और उन्होंने पंकज सिंह नामक व्यवसायी पर गोली चलाई जिसके बाद एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को शक है कि यह व्यावसायिक दुश्मनी का मामला है।
घोष ने अखबार में छपे उत्तर प्रदेश सरकार के एक विज्ञापन पर भी तृणमूल कांग्रेस पर चुटकी ली जिसमें उत्तर प्रदेश के विकास को दर्शाने के लिए कोलकाता के एक फ्लाईओवर के चित्र का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने राज्य के विकास के लिए क्या किया है। उन्होंने आरोप लगाया, “गिरोह और कट मनी के अलावा कुछ नहीं किया गया। उन्होंने केवल केंद्र सरकार की परियोजनाओं का नाम बदलकर उन्हें अपना नाम दे दिया है।”
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश की भाजपा इकाई 17 सितंबर को लोगों की सेवा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाएगी। उन्होंने कहा कि इस मौके पर राज्य में रक्तदान शिविर आयोजित किये जाएंगे, दिव्यांगों को सहायता दी जाएगी और मोदी की उब्लब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।