देवभूमि उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हरिद्वार के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता अपने समर्थकों सहित रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हरिद्वार से लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए उनसे दिव्य-भव्य हरिद्वार के साथ श्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया। अपने संबोधन में धामी ने कहा कि उनके बीजेपी में शामिल होने से पार्टी का संगठन अधिक मजबूत होगा और सरकार के कामों को जनता के बीच पहुंचाने में मदद मिलेगी।
आज @BJP4UK कार्यालय, देहरादून में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर हरिद्वार से कांग्रेस एवं बसपा के कई प्रदेश स्तरीय नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। pic.twitter.com/zXZ9YxLhPm
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 4, 2022
पूर्व केंद्रीय मंत्री निशंक ने पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को अपने-अपने क्षेत्रों का योद्धा बताया और कहा कि इनके आने से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूती मिलेगी। महेंद्र भट्ट ने पार्टी का हिस्सा बने लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी भावनाओं व विचारों को पूरा सम्मान दिया जाएगा।