मंत्री के आधिकारिक यात्रा पर मित्रों को ले जाने को लेकर ओडिशा विधानसभा में हंगामा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मंत्री के आधिकारिक यात्रा पर मित्रों को ले जाने को लेकर ओडिशा विधानसभा में हंगामा

कांग्रेस सदस्य संतोष सिंह सलूजा और सुरेश राउतरे ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से पाणिग्रही को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त

ओडिशा विधानसभा में बृहस्पतिवार को विपक्ष ने हैदाराबाद की आधिकारिक यात्रा पर मंत्री जेपी पाणिग्रही द्वारा कथित तौर पर अपनी दो महिला मित्रों को ले जाने के मुद्दे पर हंगामा करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
ओडिशा के पर्यटन, उड़िया भाषा, साहित्य और संस्कृति मंत्री पाणिग्रही पर हैदराबाद में ओडिशा पर्यटन रोड शो में शिरकत के दौरान कथित तौर पर दो महिला मित्रों को साथ ले जाने के लिए सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।
विधानसभा में इस मुद्दे को भाजपा के नेता प्रतिपक्ष प्रदीप कुमार नाइक ने उठाया और उन्होंने पाणिग्रही से स्पष्टीकरण की मांग की।
उसके बाद कांग्रेस के सदस्यों ने पाणिग्रही के इस्तीफे की मांग तेज सदन के बीचोंबीच आकर हंगामा किया। जिसके बाद अध्यक्ष एस एन पात्रो को कई बार सदन स्थगित करना पड़ा। कांग्रेस सदस्य संतोष सिंह सलूजा और सुरेश राउतरे ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से पाणिग्रही को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने की मांग की।
अध्यक्ष द्वारा पात्रो ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जिससे नाराज होकर ताराप्रसाद बहिनीपति के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सदन के आसन पर चढ़ने का प्रयास किया और उनका माइक छीन लिया। पाणिग्रही के कथित कार्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाने वाला करार देते हुए सलूजा ने कहा कि सारथी(स्वयंभू भगवान) एक महिला के साथ हैदराबाद गए थे और उन्हें जेल भेज दिया गया था। वही नियम पाणिग्रही पर भी लागू होता है। 
सलूजा ने बताया कि मंत्री के साथ एक 47 वर्षीय महिला और उसकी 25 वर्षीय बेटी हैदराबाद गईं थी और हैदराबाद के आलीशान होटल में मंत्री के साथ रुकी थी। सलूजा ने सदन में कहा कि मंत्री के निजी सचिव ने दोनों महिलाओं के जाने के लिए टिकट बुक की थी और उनके रुकने की व्यवस्था भी की। वहीं मंत्री जेपी पाणिग्रही ने कहा कि मैने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है। मैं स्पष्ट तौर पर कह रहा हूं कि सरकारी खजाने से इस पर एक पाई भी खर्च नहीं की गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।