जहरीला कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के तीन की मौत, दो की तबियत खराब - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जहरीला कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के तीन की मौत, दो की तबियत खराब

परिवार अपने घर में सो गया था। रात करीब एक बजे सुनीता एवं उसके बच्चों को बेचैनी महसूस

मध्यप्रदेश : रीवा जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर गढ़ पुलिस थाना अंतर्गत घूमा कटरा गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिला कर अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ खुद भी पी लिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो की तबियत खराब हो गई। गढ़ पुलिस थाना प्रभारी राम सिंह कंजर ने ‘भाषा’ को बताया, ‘‘अशोक प्रजापति कोल्ड ड्रिंक की बोतल खरीद कर लाया और उसमें उसने जहर मिला दिया। इसके बाद उसने शुक्रवार – शनिवार रात करीब नौ बजे इसे खुद भी पी लिया और अपनी पत्नी, दो बेटों एवं एक बेटी को भी पिला दिया। 
इससे अशोक प्रजापति (45), उसकी पत्नी सुनीता (38) एवं उनके बेटे अनिल (12) की मौत हो गई और दो की तबियत खराब हो गई।’’ उन्होंने कहा कि अशोक का शव शुक्रवार की रात एक बजे उसकी चारपाई पर मिला, जबकि इसके कुछ ही घंटों बाद सुनीता की मौत गंगेव स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के दौरान हो गई। अनिल ने रीवा के संजय गांधी अस्पताल में दम तोड़ा। 
कंजर ने बताया कि अशोक के दूसरे बेटे संदीप (10) एवं बेटी अनीता (15) का उपचार रीवा के संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत अब ठीक है। उन्होंने कहा कि जहर मिला कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद यह परिवार अपने घर में सो गया था। रात करीब एक बजे सुनीता एवं उसके बच्चों को बेचैनी महसूस हुई जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। तब तक अशोक की मौत हो चुकी थी। 
उन्होंने कहा कि अशोक प्रजापति की घायल बेटी अनीता ने बताया कि मेरे पिता ने ही सिलबट्टा में पीसकर कुछ कोल्ड ड्रिंक में डाला था और हमसे कहा था कि फायदेमंद दवाई मिला रहा हूं। इसे पीकर फायदा होगा। इसके बाद हमने इसे पी लिया था। कंजर ने बताया कि पुलिस को अशोक के घर से सिलबट्टा, गिलास एवं कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतल मिली है।
 इसकी जांच की जा रही है। कंजर ने बताया कि अशोक प्रजापति का अपने घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर ईंट का भट्टा था और वह परिवार के साथ ईंट बना कर बेचने का काम करता था। उन्होंने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार उस पर करीब एक लाख रूपये का कर्ज था, जिससे वह परेशान था। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।