हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): प्रसिद्ध संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा की अस्थियां शुक्रवार को हरकी पैड़ी पर गंगा में वैदिक विधि विधान के अनुसार विसर्जित की गई। उनके तीर्थ पुरोहित पंडित शांतनु ने अस्थित विसर्जन कर्म करवाया। अस्थि कलश लेकर शिव कुमार शर्मा के बेटे रोहित और शिष्य राहुल समेत पारिवारिक सदस्य विशाल शर्मा हरकी पैड़ी पहुंचे थे।
पंडित शिवकुमार शर्मा के कुल पुरोहित पंडित शांतनु शर्मा ने बताया कि आज शिवकुमार शर्मा की अस्थियां उनके दोनों बेटे लेकर आए थे। जिनका पूरे विधि विधान से हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड पर अस्थि विसर्जन कराया गया। बता दें कि मंगलवार को पंडित शिवकुमार शर्मा का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। वे भारत के जाने माने शास्त्रीय संगीतकारों में से एक थे। उन्होंने फिल्मों में भी संगीत दिया था। पंडित शिवकुमार शर्मा को साल 1986 में संगीत नाटक अकेडमी अवॉर्ड मिला था। उन्हें 1991 में पद्मश्री और 2001 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया था।
ब्रह्मकुंड स्थित गंगा राम भगवान दास गद्दी पर पुरोहित शांतनु शर्मा ने पंडित शिव कुमार शर्मा के पुत्रों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कर्मकांड संपन्न कराया। शुक्रवार को करीब 11 बजे राहुल शर्मा, रोहित शर्मा और परिवार के सदस्य विशाल शर्मा अस्थि कलश लेकर हरकी पैड़ी पर पहुंचे। पुरोहित शांतनु शर्मा ने करीब 11.23 बजे तक अस्थि प्रवाह का कर्मकांड संपन्न कराया। भारतीय संगीतकार और संतूर वादक शर्मा बीते कईं महीनों किडनी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने 10 मई को मुंबई में आखिरी सांस ली थी। वह 84 वर्ष के थे। उनका जन्म जम्मू सिटी के पंच तीर्थ में पंडित उमा दत्त शर्मा के घर 1938 को हुआ था। वह भारत के जाने-माने शास्त्रीय संगीतकारों में से एक थे, जिन्होंने फिल्मों में भी संगीत दिया था। अस्थि प्रवाह के दौरान गंगा घाट पर तहसीलदार शालिनी मौर्य, आशुतोष शर्मा सहित कईं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
——————————————प्रसिद्ध संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा की अस्थियों का बेटा रोहित अस्थित विसर्जन कर्म करता हुआ। (छाया : पंजाब केसरी)