तमिलनाडु : सेप्टिक टैंक की खुदाई के दौरान मिले हथियार भरे 22 बक्से - Punjab Kesari
Girl in a jacket

तमिलनाडु : सेप्टिक टैंक की खुदाई के दौरान मिले हथियार भरे 22 बक्से

खुदाई की गयी तो उस जगह 20 और बक्से मिले। इन बक्सों में विभिन्न तरह के हथियार थे।

तमिलनाडु में रामेश्वरम जिले से बड़े पैमाने पर हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए है। इस हथियारों को रामेश्वरम द्वीप पर समुद्र के किनारे छुपाया गया था। इनको लेकर संभावना जताई जा रही है कि ये हथियार व गोलाबारूद 1980 के समय के हैं। इन्हें लिब्रेशन टाइगर ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) ने यहां छुपाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हथियारों का पता तब लगा जब एंथोनियर पुराम गांव में एक व्यक्ति सेप्टिक टैंक बनाने के लिए खुदाई कर रहा था।

खुदाई के दौरान उसे एक लोहे का बक्सा मिला। बक्सा खोलने पर उसमें से बड़ी मात्रा में गोलियां मिलीं। इस व्यक्ति ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इस व्यक्ति का घर समुद्र से लगभग 50 मीटर की दूरी पर था। जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। तत्काल इन गोलियों को पुलिस ने कब्जे में लिया। बाद म उस जगह की और खुदाई की गयी तो उस जगह 20 और बक्से मिले। इन सभी बक्सों में विभिन्न तरह के गोला बारूद व हथियार थे। पुलिस टीम को इन बक्सों में बड़े पैमाने पर डेटोनेटर व विस्फोटक भी मिले।

जिले के एसपी के अनुसार बरामद हथियारों में लाइट मशीन गन की गोलियां, मध्यम दर्जे की मशीन गन, ऑटोमैटिक राइफल सहित कई हथियार मिले। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रात नौ बजे तक खुदाई के दौरान कुल 22 बक्से मिले। हर बक्से में लगभग 250 राउंड गोलियां थीं। लगभग दो दशक से जमीन में दबे होने के चलते गोलियां व हथियार खराब हालत में थे।1980 के दशक में लिट्टे आतंकी हथियारों की तस्करी के लिए समुद्र के रास्ते का प्रयोग करते थे। उस दौरान रामानाथपुरम का यह इलाका लिट्टे का गढ़ था। माना जा रहा है कि उसी दौरान लिट्टे आतंकियों ने यहां हथियार छुपाए होंगे।

24X7  नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।