Girl in a jacket

श्रीपद नाइक के हाथ और पैरों की हुई सर्जरी, केंद्रीय मंत्री से मिलने गोवा जाएंगे राजनाथ सिंह

केंद्रीय मंत्री के दोनों हाथों और एक पैर में फ्रैक्चर के बाद सर्जरी हुईं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर

कर्नाटक में सड़क हादसे में घायल हुए केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की सोमवार रात गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में कई सर्जरी की गईं। केंद्रीय मंत्री के दोनों हाथों और एक पैर में फ्रैक्चर के बाद यह सर्जरी हुईं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज श्रीपद नाइक से मिलने गोवा जाने वाले हैं। 
हादसे में नाइक के साथ कार में सवार उनकी पत्नी विजया और एक सहायक की सोमवार को मौत हो गई। यह हादसा उत्तर कन्नड़ जिले में अंकोला के निकट हुआ जब मंत्री कर्नाटक में धर्मस्थल से गोवा लौट रहे थे। सूत्रों ने पहले बताया था कि उत्तरी गोवा से बीजेपी सांसद और वर्तमान में केंद्रीय रक्षा राज्य और आयुष मंत्री नाइक को रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर गंभीर हालत में पणजी के निकट गोवा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (जीएमसीएच) लाया गया। 
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार रात कहा कि नाइक की हालत पहले गंभीर थी, लेकिन अब उनकी हालत “स्थिर’ है। मुख्यमंत्री ने कहा, “जीएमसीएच के डीन डॉ. शिवानंद बांदेकर के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। हम उन्हें सबसे अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।” 
1610427733 car
स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि नाइक के लिए सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने के लिए एक और मेडिकल टीम तैयार बैठी है। बेंगलुरु में कर्नाटक पुलिस ने कहा कि नाइक अपनी पत्नी, निजी सहायक दीपक, अपने विश्वस्त सहयोगी साई किरन, सुरक्षाकर्मी और चालक के साथ सोमवार रात यल्लापुर से गोकरणा जा रहे थे। 
उन्होंने कहा कि रास्ते में उत्तर कन्नड के अंकोला तालुक के होसाकांबी गांव के पास चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी पलट गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बेंगलुरु में बताया, “यह गाड़ियों के बीच भिड़ंत नहीं थी। प्रथम दृष्टया लगता है कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था।” सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोवा के मुख्यमंत्री सावंत से बात की और उन्हें मंत्री का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए कहा। 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस संबंध में सावंत से बात की थी। इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने कहा की वह श्रीपाद नाइक और उनके इलाज के बारे में पूछताछ करने के लिए आज गोवा जाएंगे।कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने नाइक की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया और नाइक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।