बंगाल उपचुनाव : BJP उम्मीदवार के साथ धक्का-मुक्की, कहा- प्रचार से रोकने के TMC ने की ऐसी हरकत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बंगाल उपचुनाव : BJP उम्मीदवार के साथ धक्का-मुक्की, कहा- प्रचार से रोकने के TMC ने की ऐसी हरकत

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को प्रचार के दौरान भारतीय जनता

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी के एक उम्मीदवार और एक विधायक के साथ कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के एक सांसद की मौजूदगी में धक्का-मुक्की की। हालांकि, स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने इस घटना में पार्टी कार्यकर्ताओं की संलिप्तता से इनकार किया है।
भाजपा नेताओं के लिए ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए
जलपाईगुड़ी से भाजपा के सांसद जयंत रॉय की मौजूदगी में नायरहाट में चुनाव प्रचार के दौरान दिनहाटा विधासनभा सीट के लिए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अशोक मंडल और नाताबाड़ी से पार्टी के विधायक मिहिर गोस्वामी के साथ धक्का-मुक्की हुई। यहां कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे भाजपा नेताओं के लिए ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए। यहां 30 अक्टूबर को उप चुनाव होना है।
BJP कार्यकर्तांओं को चुनाव प्रचार से रोकने के लिए ऐसी हरकत की गई
मंडल और गोस्वामी को सोमवार को बामनहाटा इलाके में भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्तांओं को चुनाव प्रचार से रोकने के लिए ऐसी हरकत की गई। दिनहाटा विधानसभा सीट से जीतने वाले उम्मीदवार और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के अपने लोकसभा सीट पर ही बने रहने के बाद, इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
तृणमूल कांग्रेस ने यहां से उदयन गुहा को फिर से टिकट दिया है, जो प्रमाणिक से चुनाव हार गए थे। दिनहाटा के अलावा शांतिपुर (नदिया), गोसाबा (दक्षिण 24 परगना) और खरदा (उत्तर 24 परगना) सीटों पर भी उपचुनाव होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।