मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को मुंबई की एक कोर्ट ने ‘भगोड़ा’ घोषित कर दिया है। अब महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की गिरफ्तारी को लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने ईडी, सीबीआई और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे सहयोगियों को सरकारी एजेंसियों द्वारा परेशान किया जा रहा है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने पवार के इस बयान का समर्थन किया है।
संजय राउत ने गुरुवार को कहा, हमारे लोगों को या तो झूठे आरोपों और झूठे सबूतों के आधार पर जेल भेज दिया जाता है या उन्हें केंद्रीय एजेंसियों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है। हम उनमें से एक थे लेकिन हमने कहा था कि हम डरेंगे नहीं। इसके लिए उन्हें भुगतान करना होगा। पवार साहब ने जो कहा, मैं उसका समर्थन करता हूं।
देशमुख को जेल भेजने की कीमत चुकानी पड़ेगी : पवार
शरद पवार ने अपने बयान में कहा कि मुंबई के पूर्व सीपी (परमबीर सिंह), उन पर (पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख) आरोप लगाने के बाद फरार हो गए हैं और उन्हें साबित करने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। आपने (बीजेपी) अनिल देशमुख को जेल में डाल दिया, आपने उनके साथ जो किया, उसकी कीमत आपको चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा, बदले कि राजनीति की जा रही है, सत्ता का इस्तेमाल सम्मान के साथ करना पड़ता है, लेकिन इन लोगो के पैर जमीन पर नहीं हैं और सत्ता सिर चढ़ कर बोल रही है। ये जो कुछ हो रहा है ये उसी का नतीजा है। पवार ने आगे कहा, अनिल देशमुख का ही मामला देख लीजिए। जिस अधिकारी ने आरोप लगाए थे, वह भगोड़ा घोषित कर दिया गया। कहां गायब है पता नहीं कौन से देश में है मालूम नहीं। समन है पर हाजिर नहीं हो रहा।
पवार ने कहा, अनिल देशमुख आज जेल के अंदर हैं। इस का मुख्य कारण है केंद्र कि सत्ता का दुरुपयोग, कुछ लोगों ने धंधा बना लिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा, सत्ता हाथ से चले जाने से कुछ लोग अस्वस्थ्य हैं, हर रोज केंद्र को लिस्ट भेजते हैं और मांग करते है इनकी जांच करो।
बता दें कि मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को बुधवार को मुंबई की एक कोर्ट ने फरार घोषित कर दिया है। कोर्ट ने क्राइम ब्रांच की अर्जी को मंजूर करते हुए परमबीर सिंह को फरार घोषित किया। परमबीर सिंह को 30 दिनों के भीतर हाजिर होने का अल्टीमेटम भी दिया गया है। ऐसे में अगर वो समय पर हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


















