रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक से मिलने पहुंचे GMCH अस्पताल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक का हालचाल जानने गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक का हालचाल जानने गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) पहुंचे। कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद नाइक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजनाथ सिंह दोपहर में विशेष विमान से गोवा में आईएनएस हंसा बेस पर पहुंचे और दो बजकर 40 मिनट के आसपास जीएमसीएच गए, जहां नाइक का इलाज चल रहा है। नाइक की कल रात जीएमसीएच में कई सर्जरी की गयीं। एक अधिकारी ने बताया कि मंत्री की हालत स्थिर है। 
अस्पताल पहुंच कर राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मुझे फोन करके इस घटना को लेकर चिंता व्य​क्त की और मुझे यहां आने के लिए ​कहा। डॉक्टरों से बात हुई, श्रीपद नाइक की हालत अब स्थिर है, दिल्ली में एम्स के निदेशक की यहां के डॉक्टरों से बात हुई है और वहां से एक टीम यहां के डॉक्टर के साथ आकर चर्चा करेगी और जो फैसले लेने जरूरी होंगे वो लेंगे। यहां इलाज संभव है तो यहां इलाज होगा, अगर दिल्ली ले जाने की जरूरत हुई तो दिल्ली ले जा सकते हैं।
नाइक (68) की दोनों हाथों और एक पैर में फ्रैक्चर के लिए सर्जरी हुई। दुर्घटना में नाइक के साथ कार में सवार उनकी पत्नी विजया और एक सहायक की मौत हो गई। यह हादसा उत्तर कन्नड़ जिले में अंकोला के निकट हुआ जब मंत्री कर्नाटक में धर्मस्थल से गोवा लौट रहे थे। उत्तरी गोवा से भाजपा सांसद और वर्तमान में केंद्रीय रक्षा राज्य और आयुष मंत्री नाइक को देर रात गंभीर हालत में पणजी के निकट जीएमसीएच लाया गया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार रात कहा कि नाइक की हालत पहले गंभीर थी, लेकिन अब उनकी हालत ‘स्थिर’ है। 
मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘जीएमसीएच के डीन डॉ. शिवानंद बांदेकर के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। हम उन्हें सबसे अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।’’ स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि नाइक के लिए सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित कराने के लिए एक और मेडिकल टीम को एहतियात के तौर पर तैयार रखा गया। राजनाथ सिंह ने नाइक के त्वरित इलाज के लिए सोमवार को भी सावंत से बात की थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।