अमेठी में असुरक्षित महसूस करने के कारण दो जगह से उतरे राहुल : शिवराज चौहान - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अमेठी में असुरक्षित महसूस करने के कारण दो जगह से उतरे राहुल : शिवराज चौहान

शिवराज चौहान ने कहा कि राहुल एक जगह हार जाएं तो क्या हो, इसीलिए दूसरी जगह से भी

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि अमेठी में असुरक्षित महसूस करने के कारण ही राहुल दो स्थानों से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। शिवराज चौहान ने रविवार को एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद चर्चा के दौरान ये बात कही।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक जगह हार जाएं तो क्या हो, इसीलिए दूसरी जगह से भी लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस फौज का सेनापति ही डर जाए, वो फौज कैसे जीतेगी। कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश का हर परिवार पहला परिवार है। वंशवाद की परंपरा कांग्रेस ने शुरू की, ताकि एक परिवार से पार्टी बाहर नहीं जाए। यह लोकतंत्र में स्वीकार नहीं है।

rahul gandhi

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने स्वयं के भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का चुनावी मैदान में मुकाबला करने की अटकलों पर कहा कि उनका मन लोकसभा चुनाव लड़ने का नहीं है, लेकिन पार्टी अगर कहेगी तो भोपाल ही क्या, वे राघौगढ़ से भी चुनाव लड़े जाएंगे। गुना जिले का राघौगढ़ कांग्रेस प्रत्याशी सिंह का गृह क्षेत्र है।

शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया कि भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी सिंह को हरा देगा। वहीं विदिशा में उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान के चुनाव लड़ने की अटकलों पर चौहान ने कहा कि वे चुनाव नहीं लडेंगी। लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। एनडीए को मिलाकर और ज्यादा सीटें मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।