प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में डिफेंस एक्सपो 2022 (Defense Expo 2022) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास दीसा में एक नए एयरबेस की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए गुजरात में मौजूद हैं। यहां वह 15,670 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि डिफेंस एक्सपो 2022 न्यू इंडिया की एक भव्य तस्वीर प्रदर्शित कर रहा है, जिसका संकल्प अमृत काल के दौरान हमारे द्वारा लिया गया था। इसमें देश का विकास, राज्यों की भागीदारी, युवा शक्ति, युवा सपने, युवा साहस और युवा क्षमताएं हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में पहले भी डिफेंस एक्सपो होता था लेकिन डिफेंस एक्सपो 2022 अभूतपूर्व है। यह एक नई शुरुआत का प्रतीक है। यह देश का पहला ऐसा डिफेंस एक्सपो है, जहां सिर्फ भारतीय कंपनियां ही हिस्सा ले रही हैं, जहां सिर्फ मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट है। आज अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर वैश्विक व्यापार तक मेरीटाइम सेक्योरिटी एक ग्लोबल प्राथमिकता बनकर उभरा है।
53 अफ्रीकी देश हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े : PM
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि जब भारत भविष्य के इन अवसरों को आकार दे रहा है, तो 53 अफ्रीकी देश जो भारत के मित्र हैं, हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। देश के अब तक के सबसे बड़े डिफेंस एक्सपो ने एक नए भविष्य की जोरदार शुरुआत की है। मुझे पता है कि इससे कुछ देशों को भी असुविधा हुई है, लेकिन सकारात्मक मानसिकता के साथ कई देश हमारे साथ आए है।
उन्होंने कहा कि दुनिया की भारत से अपेक्षाएं बढ़ी हैं और मैं विश्व को विश्वास दिलाता हूं कि आपकी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए भारत हर कोशिश प्रयास करता रहेगा इसलिए ये डिफेंस एक्सपो भारत के प्रति वैश्विक विश्वास का भी प्रतीक है। सरकार में आने के बाद हमने दीसा में ऑपरेशनल बेस बनाने का फैसला लिया और हमारी सेनाओं की ये अपेक्षा आज पूरी हो रही है। ये क्षेत्र अब देश की सुरक्षा का एक प्रभावी केंद्र बनेगा।
पश्चिमी तरफ से आने वाले खतरे का बेहतर जवाब दे पाएंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं स्क्रीन पर देख रहा था कि दीसा के लोग नए एयरबेस के निर्माण को लेकर उत्साहित थे। यह एयरबेस एक प्रमुख भूमिका निभाएगा। दीसा अंतर्राष्ट्रीय सीमा से केवल 130 किमी दूर है। यदि हमारी सेना विशेष रूप से हमारी वायु सेना दीसा में मोर्चा संभालती है तो हम पश्चिमी तरफ से आने वाले किसी भी खतरे का बेहतर जवाब दे पाएंगे।
रक्षा क्षेत्र की सक्सेस स्टोरीबन रहा है Make in India
प्रधानमंत्री ने कहा, अंतरिक्ष में भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए भारत को अपनी इस तैयारी को और बढ़ाना होगा। हमारी डिफेंस फोर्सेस को नए अभिनव उपाय खोजने होंगे। अंतरिक्ष में भारत की शक्ति सीमित न रहे और इसका लाभ भी केवल भारत के लोगों तक ही सीमित न हो, ये हमारा मिशन भी है और विजन भी है।
उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया आज रक्षा क्षेत्र की सक्सेस स्टोरी बन रहा है। पिछले 5 वर्षों में हमारा रक्षा निर्यात 8 गुना बढ़ा है। 2021-2022 में भारत का डिफेंस एक्सपोर्ट करीब 13,000 करोड़ रुपए हो चुका है और आने वाले समय में हमने इसे 40,000 करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।