मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश में संक्रमण के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट के मद्देनजर कोविड-19 से संबंधित प्रतिबंधों में और ढील देते हुए सिनेमा घरों को 50 प्रतिशत क्षमता और रेस्तरां को पूरी क्षमता से संचालित करने की अनुमति देने की घोषणा की। साथ ही बाजार भी रात दस बजे तक खुले रहेंगे।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य सरकार के इस निर्णय की आलोचना की हैं। उन्होंने आज कहा कि इससे सरकार का साफ संदेश है कि जनता को अपनी जान की सुरक्षा स्वयं करनी होगी। कमलनाथ ने अपने ट्वीट के जरिए कहा कि आज से प्रदेश में बाजार और रेस्टोरेंट अपनी पूरी क्षमता से खुल रहे हैं। सिनेमाघर भी खुलने वाले हैं। लेकिन ध्यान रखिए सिर्फ 5.2 प्रतिशत आबादी को ही वैक्सीन के दोनों डोज लगे हैं। सरकार का संदेश साफ है, लोग अपने जीवन की रक्षा स्वयं करें। इसलिए अपना और अपने परिवार का ख्याल रखिए।
आज से प्रदेश में बाजार और रेस्टोरेंट अपनी पूरी क्षमता से खुल रहे हैं। सिनेमाघर भी खुलने वाले हैं। लेकिन ध्यान रखिए सिर्फ 5.2% आबादी को ही वैक्सीन के दोनों डोज लगे है।
सरकार का संदेश साफ है- लोग अपने जीवन की रक्षा स्वयं करें? इसलिए अपना और अपने परिवार का ख़याल रखिए।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) July 13, 2021
कांग्रेस नेता ने कहा कि जो सरकार दिनभर झूठ बोलती है, मौतों के आंकड़े छिपाती है, हवा-हवाई घोषणाएं करती है, उसने फैक्ट चेक के लिए वेबसाइट लॉन्च की है। उन्होंने कहा कि ‘फैक्ट’ तो जनता को मालूम है, भारतीय जनता पार्टी को अपनी सरकार का भविष्य ‘चेक’ करना चाहिए।