भ्रष्टाचार पर सरकार की नीयत साफ नहीं - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भ्रष्टाचार पर सरकार की नीयत साफ नहीं

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जल्द बेनामी संपत्ति जब्त करने को कठोर कानून बनाने को जुमलेबाजी

देहरादून : कांग्रेस ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जल्द बेनामी संपत्ति जब्त करने को कठोर कानून बनाने को जुमलेबाजी करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गंगा के किनारे शराब का बॉटलिंग प्लांट लगाने और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने से होने वाली किरकिरी से ध्यान हटाने के लिए मुख्यमंत्री कोरी बयानबाजी कर रहे हैं। एनएच-74 घोटाले में जिन अधिकारियों पर सरकार ने शिकंजा कसा, अब उन्हें एक-एक कर छोड़ा जा रहा है, उससे भ्रष्टाचार पर सरकार की नीयत सवालों के घेरे में है। 
नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि बेनामी संपत्ति कानून से कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं है। सरकार को लोकायुक्त का शीघ्र गठन करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा प्रदेश में प्रोपेगंडा सरकार चला रही है। भ्रष्टाचार पर सरकार के दांत खाने के कुछ और, दिखाने के कुछ और ही हैं। जनता असलियत जान चुकी है। श्रीनगर और बाजपुर के नगर निकाय चुनाव के नतीजों ने सरकार और सत्तारूढ़ दल की नाकामी को जाहिर कर दिया है। मुख्यमंत्री जनता का ध्यान बांटने के लिए अब बेनामी संपत्ति पर कठोर कानून लाने की बात कर रहे हैं, लेकिन अभी तक लोकायुक्त का गठन नहीं किया गया। 
भाजपा ने अपने घोषणापत्र में लोकायुक्त का सौ दिन के भीतर गठन करने का वायदा किया था, लेकिन प्रचंड बहुमत की सरकार बने हुए सवा दो साल से ज्यादा बीतने पर भी लोकायुक्त का गठन नहीं हो सका। जनता सच्चाई को जान चुकी है। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि बेनामी संपत्ति पर कानून केंद्र सरकार बना चुकी है। राज्य सरकार को उसे लागू करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।