वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट के बारे में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह नए और समृद्ध, शक्तिशाली व विकसित भारत का बजट है। चौहान ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अधोसंरचना विकास के लिए 35 प्रतिशत से ज्यादा राशि बजट पर बढ़ाई गई है। इससे अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह किसानों की आय दोगुना करने वाला बजट है। खेती को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा, हाईटेक टेक्नोलॉजी का लाभ किसान को कैसे मिले इसका मार्ग प्रशस्त किया गया है। प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया गया है। इससे लोगों के साथ धरती का भी स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
बजट में मध्य प्रदेश को बड़ी सौगत मिली है : सीएम चौहान
सीएम चौहान ने कहा कि यह आम आदमी का बजट है, जिसमें गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की जिंदगी में खुशहाली लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में नई शिक्षा नीति को जमीन पर लागू करने के लिए पर्याप्त प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात मिली है, नदी जोड़ने की परियोजना के अंतर्गत कैन और वेतवा को जोड़ने पर 44 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च की जाएगी हमारा बुंदेलखंड बदल जाएगा। यह किसानों की आय दुगना करने का बजट है इससे खेती को टेक्नोलॉजी से जोड़क्र और हाई टेक बना कर कैसे टेक्नोलॉजी का लाभ किसानों को मिले इसका मार्ग सशक्त किया गया है।
प्राकृतिक खेती लोगों के स्वास्थ्य को भी उत्तम बनाएगी : शिवराज
चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती लोगों के स्वास्थ्य को भी उत्तम बनाएगी और स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। उन्होंने कहा कि कोविड काल के बाद देश के हेल्थ इंफ्रास्ट्रेक्चर बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का युवाओं को रोजगार का गरीब और किसान के कल्याण का और एक शक्तिशाली भारत के निर्माण का बजट है।


















