मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में धार्मिक नेता साध्वी ऋतंभरा द्वारा संचालित एक आवासीय आश्रम स्कूल में पढ़ने वाली चार लड़कियां बुधवार को नहर में डूब गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना मांधाता (ओंकारेश्वर) थाना क्षेत्र के कोठी गांव में सुबह हुई।
सभी पांचवीं कक्षा की छात्राएं थीं
उन्होंने कहा कि लड़कियां 10 से 11 वर्ष के आयु वर्ग की थीं और वे सभी पांचवीं कक्षा की छात्राएं थीं और साध्वी ऋतंभरा द्वारा संचालित आश्रम में रहती थीं। मांधाता थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि लड़कियां नहाने के लिए नहर में गई थीं, तभी उनमें से एक डूबने लगी और अन्य लड़कियों ने उसे बचाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि हालांकि वे सभी डूब गईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान वैशाली, प्रतिज्ञा, दिव्यांशी और अंजना के रूप में हुई है जो खरगोन जिले के रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को नहर से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बयान में छात्राओं की मौत पर शोक व्यक्त किया।