देहरादून : शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिछले पांच सालों में किए सराहनीय कार्यों व कुशल नेतृत्व से देश की जनता का दिल जीता। इसी के परिणामस्वरूप देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को पूरा आशीर्वाद दिया है। मुख्यमंत्री से जौलीग्रांट एयर पोर्ट पर शनिवार को नव निर्वाचित सांसद डा.रमेश पोखरियाल निशंक व माला राज लक्ष्मी ने शिष्टाचार भेंट की।
दोनों सांसदों ने उत्तराखंड में सभी पांच सीटों पर भाजपा की विजय होने पर मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र के कुशल नेतृत्व व कार्यकर्ताओं के प्रयासों से राज्य में भाजपा ने सभी सीटों पर विजय प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने दोनों नव निर्वाचित सांसदों को भारी मतों से विजय होने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद एवं हमारे कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों पर हमें बड़े अंतर से जीत मिली है। पिछले लोकसभा चुनावों की अपेक्षा उत्तराखंड में भाजपा को 6 प्रतिशत वोट अधिक मिले हैं। उत्तराखंड में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ाने में देश के शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं की मेहनत की अहम भूमिका रही।