मोदी करेंगे पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान का आगाज  - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मोदी करेंगे पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान का आगाज 

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सीमावर्ती उत्तर 24 परगना जिला और औद्योगिक नगर दुर्गापुर में रैलियों

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सीमावर्ती उत्तर 24 परगना जिला और औद्योगिक नगर दुर्गापुर में रैलियों के साथ आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। दोनों रैलियों के आयोजन स्थल का राजनीतिक महत्व है। आयोजन स्थल ठाकुरनगर में मतुआ समुदाय की अच्छी खासी आबादी है। मूल रूप से यह समुदाय पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से यहां आया था। धार्मिक अत्याचार की वजह से 1950 के दशक में इन लोगों ने यहां पर पनाह ली थी। मतुआ संप्रदाय की महारानी वीणापाणि देवी के घर के नजदीक रैली का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा की प्रदेश इकाई को उम्मीद है कि मोदी ठाकुरनगर में नागरिकता (संशोधन) विधेयक पर बोलेंगे।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा से संबद्ध ऑल इंडिया मतुआ महासंघ रैली का आयोजन कर रहा है। पश्चिम बंगाल में मतुआ लोगों की आबादी 30 लाख होने का अनुमान है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिले में कम से कम पांच लोकसभा सीटों पर इस समुदाय का प्रभाव है । दुर्गापुर रैली का आयोजन राज्य में भाजपा के ‘‘गणतंत्र बचाओ कार्यक्रम’’ के तहत होगा। औद्योगिक नगर दुर्गापुर आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के नजदीक है। केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो आसनसोल का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमारे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने 23 जनवरी को मालदा की रैली से बंगाल में चुनाव अभियान की शुरूआत की थी। मोदी जी भी नदिया और बर्द्धमान जिले में अभियान शुरू करेंगे और बंगाल के अभियान को गति देंगे ।’’ इसके बाद सिलिगुड़ी में आठ फरवरी को मोदी की तीसरी रैली आयोजित होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − 8 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।