MMRCL की प्रबंध निदेशक ने पेड़ों की कटाई को न्यायोचित ठहराया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

MMRCL की प्रबंध निदेशक ने पेड़ों की कटाई को न्यायोचित ठहराया

एमएमआरसीएल ने रविवार को एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उसने समूचे शहर में 24,000 से अधिक

मुंबई : हरित कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच शहर में मेट्रो ट्रेनों के एक पड़ाव स्थल के लिये आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई किये जाने के कदम को मुंबई मेट्रो रेल निगम (एमएमआरसीएल) की प्रबंध निदेशक ने न्यायोचित ठहराया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कुछ नया सृजन करने के लिये कुछ चीजों को खत्म करने की जरूरत होती है लेकिन यह नये जीवन एवं नये सृजन का मार्ग भी प्रशस्त करती है। 
साथ ही, एमएमआरसीएल ने रविवार को एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उसने समूचे शहर में 24,000 से अधिक पौधे लगाये हैं। निगम की प्रबंध निदेशक (एमडी) अश्विनी भिडे ने पेड़ों की कटाई के कदम को न्यायोचित ठहराते हुए कहा कि इसने ‘नये सृजन’ का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर कहा, ‘‘कभी-कभी कुछ नया सृजन करने के लिये कुछ चीजों को खत्म करने की जरूरत होती है लेकिन यह नये जीवन एवं नये सृजन का मार्ग भी प्रशस्त करती है। जीवन एक चक्र है। यह एक जगह रूकता नहीं है। सृजन बार-बार होते रहता है। नयी पत्तियां आती रहती हैं। नये – नये निर्माण होते रहते हैं। ’’ 
भिडे ने मुंबई मेट्रो 3 के आधिकारिक हैंडल से जारी वीडियो को रीट्वीट भी किया। मुंबई मेट्रो ने समूचे मुंबई में 24,000 पौधे लगाने का दावा किया है। मुंबई मेट्रो 3 द्वारा पोस्ट किये गये ट्वीट में कहा गया है, ‘‘एमएमआरसी ने आरे मिल्क कॉलोनी और एसजीएनपी (संजय गांधी नेशनल पार्क) के कुछ इलाकों सहित समूचे मुंबई में 24,000 पौधे लगाये हैं…दो साल की मेहनत अब रंग ला रही है।’’ मुंबई मेट्रो 3 एमएमआरसीएल का आधिकारिक टि्वटर हैंडल है। निगम कोलाबा-बांद्रा-एसईईपीजेड लाइन का क्रियान्वयन कर रहा है। 
मेट्रो ट्रेन डिपो के लिये आरे में पेड़ों की कटाई के वृक्ष प्राधिकरण के फैसले को चुनौती देने वाली यचिकाओं को बंबई उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किये जाने के कुछ ही घंटों बाद शुक्रवार रात पेड़ों को काटना शुरू कर दिया गया। एमएमआरसीएल ने पेड़ों की कटाई का यह कहते हुए बचाव किया है कि बहुत कम क्षेत्र में पेड़ काटे गये हैं। इसने दलील दी है कि पेडों की कटाई जरूरी है ताकि मुंबई वासियों के लिए एक आधुनिक परिवहन प्रणाली बन सके।एमएमआरसीएल के मुताबिक आरे मिल्क कॉलोनी के अंदर भी कुछ पौघे लगाये गये हैं जहां बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मेट्रो-3 के लिये 2,700 पेड़ काटे हैं। इन पेड़ों की कटाई का हरित कार्यकर्ताओं और नागरिकों के एक हिस्से ने सख्त प्रतिरोध किया तथा निगम पर आरे वन में पेड़ों का संहार करने का आरोप लगाया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।