मसूरी : उत्तराखंड राज्य आंदोलन के तहत मसूरी गोलीकांड की 25वीं बरसी पर शहीदों को बड़ी संख्या में विभिन्न राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शहीदों के परिजनों व अन्य लोगों ने शहीद स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया व उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गये। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भटट ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अब यहां पर मेला लगाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शहीदों के सपनों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। बहुत कुछ किया व बहुत करने हो है, शहीदों का उत्तराखंड बनाने को भाजपा कृत संकल्प हैं। पलायन रोकने के लिए आयोग का गठन किया व उसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के तहत मसूरी सहित खटीमा व मुजफफरनगर में गोली कांड किया गया, जिसमें आंदोलनकारी शहीद हुए। उन्होंने कहा कि यह स्थल पवित्र स्थल है यहां पर आकर सभी को शहीदों को नमन करना चाहिए। लेकिन कुछ लोग इसे अपने स्वार्थ के लिए उपयोग करना चाहते हैं वह नहीं होना चाहिए।


















