मणिपुर चुनाव : दूसरे चरण के लिए जारी है मतदान, दो महिला उम्मीदवार समेत 92 प्रत्याशी रेस में शामिल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मणिपुर चुनाव : दूसरे चरण के लिए जारी है मतदान, दो महिला उम्मीदवार समेत 92 प्रत्याशी रेस में शामिल

मणिपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गए है।

देश के उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गए है। इस चरण में विधानसभा की 22 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मणिपुर की 60 सीटों वाले विधानसभा के पहले चरण में 38 सीटों पर 28 फरवरी को मतदान कराए गए थे। दूसरे और अंतिम चरण में दो महिलाओं समेत 92 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। राज्य के छह जिलों सेनापति, जिरीबाम, उख्रुल, तमेंगलोंग, चंदेल और थौबल में चुनाव हो रहा है। पूर्वोत्तर का गेटवे ऑफ इंडिया कहे जाने वाला सीमावर्ती शहर मोरेह और आस पास के गांव में भी चुनाव होने के कारण उत्सव सा माहौल है।
कांग्रेस के गढ़ में हो रहा है चुनाव 
राज्य में दूसरे चरण का चुनाव एक ऐसे भौगोलिक क्षेत्र में हो रहा है, जिसे विपक्षी कांग्रेस पार्टी का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस ने पांच साल पहले यहां से 12 सीटें जीती थीं। वहीं नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) ने चार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने दो सीटें जीती थी, जबकि एक निर्दलीय ने भी जीत हासिल की थी। मणिपुर की पहाड़ीय, जिनमें ज्यादातर ईसाई धर्म का पालन करने वाले नागा, कुकी और अन्य जनजातियां निवास करती हैं, कभी भी राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की मजबूत गढ़ नहीं रही, लेकिन इस बार सभी 22 सीटों पर उसके उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
राज्य के मतदाताओं के आकड़ें 
आज के मतदान के लिए 1,238 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चरण के चुनाव में 4,28,958 महिलाओं, 4,18,401 पुरुषों और 31 ट्रांसजेंडरों सहित कुल 8,47,400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मणिपुर में लगातार तीन बार शासन करने वाले तथा राज्य के सबसे लंबे समय तक कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे ओकराम इबोबी सिंह थौबल सीट पर लगातार चौथी बार अपना कब्जा बरकरार रखने के आकांक्षी हैं। उनके खिलाफ भाजपा के लीतानथेम बसंत सिंह उम्मीदवार हैं, जो 2017 में इबोबी से चुनाव हार गए थे। इनके अलावा पूर्व उप मुख्यमंत्री गैखंगम गंगमेई शामिल हैं। जिनके भाग्य को फैसला मतदाता आज ईवीएम में बंद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।