मंगलुरु गोलीबारी की न्यायिक जांच हो : कांग्रेस - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मंगलुरु गोलीबारी की न्यायिक जांच हो : कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि सीएए के विरोध में मंगलुरु में हुए प्रदर्शन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मंगलुरु में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत के मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश से कराई जाए। पुलिस गोलीबारी से इन मौतों को ‘अमानवीय’ बताते हुए सिद्धरमैया ने आरोप लगाया कि मंगलुरु की घटना दिखाती है कि पुलिस ने ही हिंसा भड़काई थी। 
सिद्धरमैया ने दावा किया कि मंगलूरू में लोग सिर्फ नारे लगा रहे थे और उनके पास कोई हथियार नहीं थे। पुलिस को उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की इजाजत देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा, ‘‘…ऐसा लगता है कि पुलिस ने खुद हिंसा भड़काई है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह डर का माहौल पैदा कर लोगों की आजादी छीनने का षड्यंत्र है। 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार साम्प्रदायिक झड़प करवा कर उसका राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘‘हिटलर ने जर्मनी में और मुसोलिनी ने इटली में लोगों की आजादी खत्म की थी।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं गोलीबारी में दो मासूमों के मारे जाने की कड़ी निंदा करता हूं। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच उच्च न्यायालय के किसी मौजूदा न्यायाधीश से करायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन दोनों मासूमों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।