महाराष्ट्र के लोग भाजपा और इसके गठबंधन के पक्ष में हैं जिससे आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को बड़ा जनादेश मिलेगा। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को यह दावा किया। मुख्यमंत्री की टिप्पणी इन कयासों के बीच आई है कि क्या भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना विधानसभा चुनाव साथ लड़ेंगी क्योंकि दोनों पार्टियां मुख्यमंत्री पद पर दावा कर रही हैं।
फडणवीस अपनी ‘महाजनादेश यात्रा’ के तहत पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर भी निशाना साधा। राकांपा ने भी ‘शिवस्वराज्य यात्रा’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जनसंपर्क अभियान से दूसरे दल भी उत्साहित हो गए हैं। फडणवीस ने कहा, “देश में और महाराष्ट्र में जनादेश पूरी तरह भाजपा और इसके सहयोगी दलों के पक्ष में है। और मुझे पूरा विश्वास है कि हमें बड़ा बहुमत हासिल होगा।”
उन्होंने कहा कि ‘महाजनादेश यात्रा’ के तहत उन्होंने दस जिलों का दौरा किया और इस महीने की शुरुआत में पश्चिम महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उन्होंने यात्रा स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि ‘महाजनादेश यात्रा’ के दूसरे चरण में हम उत्तर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ जिले को कवर करेंगे और यह सोलापुर में समाप्त होगी। तीसरे चरण में हम कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के जिलों में 13 और 19 सितम्बर के बीच यात्रा करेंगे।