गोवा से जमकर गरजी ममता बनर्जी, कहा- भाजपा का काम प्रमाणपत्र देना है, मैं एक इंसान हूं....... - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गोवा से जमकर गरजी ममता बनर्जी, कहा- भाजपा का काम प्रमाणपत्र देना है, मैं एक इंसान हूं…….

टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने दावा किया कि गोवा, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे जिन राज्यों में

गोवा में अगले कुछ महीने में विधानसभा के चुनाव होने है, ऐसे में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए अपनी चुनावी रैलियां करनी शुरु कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने दावा किया कि गोवा, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे जिन राज्यों में 2022 की शुरुआत में चुनाव होने है, वहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘‘सूर्यास्त आरंभ हो गया’’ है और यह चलन पूरे देश में दिखाई देगा। 
ममता ने दी कांग्रेस को सलाह- कहा- ऐसे नहीं चलेगा  
बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस को भगवा संगठन को लेकर बड़े-बड़े दावे करने के बजाय भाजपा के खिलाफ सही तरीके से लड़ना चाहिए। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। बनर्जी ने इस जनसभा में गोवा में आगामी चुनाव के लिए तृणमूल और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। एमजीपी राज्य का सबसे पुराना क्षेत्रीय संगठन है। 
आपको गोवा की रक्षा करने के लिए काम करना होगा 
उन्होंने गाोवा के अपने दौरे के दूसरे दिन यहां कहा, ‘‘आपको गोवा की रक्षा करने के लिए काम करना होगा। गोवा भारत है। यह मत सोचिए कि गोवा बहुत छोटा है। सूर्योदय गोवा में होता है। जब गोवा मुस्कुराता है, तो भारत मुस्कुराता है।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘गोवा में सूर्यास्त भी होता है। भाजपा का सूर्यास्त गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब से शुरू हुआ है… यह पूरे भारत में होगा। उन्होंने लोगों को बहुत ठगा है।’’ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा को भाजपा से ‘‘बचाने’’ के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए, भले ही वे किसी भी धर्म या समुदाय से संबंध रखते हों। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा को आपदा से बचाइए…. यह मेरा नारा है।’’ 
बनर्जी ने कहा कि तृणमूल और एमजीपी मिलकर काम करेंगी और आगामी चुनाव को जीतने से इस गठबंधन को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कांग्रेस के बारे में कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व वाला दल भाजपा से निपटने के केवल बड़े-बड़े दावे करता है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने के बड़े दावे करती है। पूरे देश में, आप अकेले लड़े। आप (इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल चुनाव में) हमारे खिलाफ भी लड़े। कम से कम भाजपा के खिलाफ लड़िए और उसके बाद बड़े बयान दीजिए। मैं कांग्रेस में भी थी, लेकिन मैंने इसे छोड़ा, क्येांकि मैंने आपको (कांग्रेस को) भाजपा के साथ मित्रता करते देखा।’’ 
लखीमपुर खीरी की घटना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल उठाया 
चुनाव से पहले माहौल को ‘सांप्रदायिक’ बनाने की कोशिश करने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए ममता ने कहा, हिंदू, मुस्लिम बयानबाजी केवल चुनावों के दौरान ही की जाती है। दंगे केवल चुनाव के दौरान ही होते हैं। लेकिन चुनाव के बाद शव गंगा में बहते हैं। इसे कोई याद नहीं रखता। 
उन्होंने मूल्यवृद्धि के साथ-साथ लखीमपुर खीरी की घटना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल उठाया, जिसमें किसानों को एक वाहन से कुचल दिया गया था, जिसमें एक केंद्रीय मंत्री का बेटा मुख्य आरोपी है। 
क्या गृहमंत्री को इस्तीफा नहीं देना चाहिए? क्या पीएम को इस बारे में नहीं बोलना चाहिए? 
ममता ने कहा, भाजपा के पास एक मानक कथन है। वे वास्तविक मुद्दों के बारे में नहीं बोलते। आपने (भाजपा) कितनी बार पेट्रोल की कीमत के बारे में आवाज उठाई है? आपने कितनी बार डीजल की कीमत का मुद्दा उठाया है? लोगों को कितनी बार नोटबंदी के कारण उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। 
उन्होंने सवाल किया, आपने गोवा और भारत में क्या किया है? अब आप रेलवे को निशाना बना रहे हैं। सार्वजनिक क्षेत्र को अब बंद किया जा रहा है। भाजपा के मंत्री के बेटे ने लखीमपुर खीरी में किसानों को रौंदा। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंप दी है और कहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी। क्या यूपी के मंत्री को इस्तीफा नहीं देना चाहिए? क्या गृहमंत्री को इस्तीफा नहीं देना चाहिए? क्या पीएम को इस बारे में नहीं बोलना चाहिए? 
उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया? ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का बजट कितना था?  
ममता ने कहा, उन्होंने (भाजपा ने) देश को तबाह कर दिया है। एलपीजी की कीमत क्या है? पहले वे उज्ज्वला के बारे में बात करते थे। लेकिन चुनाव के बाद उज्ज्वला की कोई बात नहीं होती है। उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया? ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का बजट कितना था? 100 करोड़ रुपये। योजना के लिए कोई पैसा नहीं है, क्योंकि सारा पैसा विज्ञापन पर खर्च किया गया। 
क्या भाजपा पार्टी द्वारा शासित राज्यों में पुजारियों को पेंशन देती है? 
उन्होंने अपनी ‘हिंदू’ साख पर सवाल उठाने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में, यहां तक कि ‘पुरोहित’ (मंदिर के पुजारियों) को भी पेंशन दी जाती है, और पूछा कि क्या भाजपा पार्टी द्वारा शासित राज्यों में पुजारियों को पेंशन देती है? 
ममता ने कहा- मैं एक इंसान हूं, भाजपा का काम प्रमाणपत्र देना है 
ममता ने कहा, भाजपा का काम प्रमाणपत्र देना है, मैं चाहे हिंदू या मुस्लिम या सिख या ईसाई हूं, पूछने वाले आप हैं कौन? मेरे पिता और मां ने मुझे मेरा नाम दिया। मुझे यह कहते हुए शर्म आती है कि अगर कोई मुझसे पूछता है कि क्या मैं हिंदू या मुस्लिम हूं या ब्राह्मण या कायस्थ या आदिवासी.. मैं एक इंसान हूं। 
तृणमूल प्रमुख ने कहा, बंगाल में एक लाख से अधिक जगह दुर्गा पूजा होती है। हमने प्रत्येक (आयोजन) क्लब को 50,000 रुपये दिए। क्या भाजपा ने किसी को यह पेशकश की है? यदि आप साबित कर दें कि मैं गलत कह रही हूं, तो मैं अपने पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।