महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर रखा है। राज्य में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई में लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने शनिवार तक 5 हजार मामले दर्ज किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि बंद के दौरान कहीं आने जाने पर लगी पाबंदी तथा अन्य पाबंदियों के उल्लंघन में एक महीने में 9,800 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
यह धारा किसी सरकारी अधिकारी की ओर से कानूनी रूप से जारी आदेश का पालन नहीं होने की सूरत में लगाई जाती है। उन्होंने बताया कि 6,164 लोगों को गिरफ्तार करके जमानत पर रिहा कर दिया गया है और 2,440 लोगों को नोटिस जारी होने के बाद जाने दिया गया। वहीं, 1,188 लोग फरार हैं। अधिकारी ने बताया कि शहर में कुल दर्ज किए गए मामलों में 3,505 मामले गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने के हैं।
बता दें, महाराष्ट्र में देशभर में जारी कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। राज्य में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,817 तक पहुंच गई है, जबकि 301 लोगों की इस वायरस के चलते जान जा चुकी है। वहीं, 957 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं।