Madhya Pradesh: राहुल गांधी ने साधा निशाना, कहा- सीधी की घटना से आदिवासियों और दलितों के प्रति BJP की नफरत सामने आयी

मध्य प्रदेश के सीधी में एक व्यक्ति द्वारा एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना को लेकर

मध्य प्रदेश के सीधी में एक व्यक्ति द्वारा एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे आदिवासियों एवं दलितों के प्रति भाजपा की नफरत का घिनौना चेहरा सामने आ गया है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा राज में आदिवासी भाइयों और बहनों पर अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में एक भाजपा नेता के अमानवीय कृत्य से सारी इंसानियत शर्मसार हुई है। यह भाजपा का आदिवासियों और दलितों के प्रति नफ़रत का घिनौना चेहरा और असली चरित्र है!’’

कांग्रेस ने दावा किया है कि आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा था, लेकिन सत्तारूढ़ दल ने आरोप से इनकार किया है।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी आरोप लगाया, ‘‘मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक के एक करीबी द्वारा आदिवासी युवक के साथ की गई अमानवीय व घृणित हरकत बेहद शर्मनाक है। प्रदेश में भाजपा के 18 साल के शासन में आदिवासियों पर अत्याचार के 30,400 मामले सामने आए हैं। ’’
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘भाजपा राज में आदिवासी हितों पर केवल कोरे दावे और कोरी बातें हैं। आदिवासियों पर अत्याचार रोकने के असल कदम क्यों नहीं उठाती सरकार?’’
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने के एक आरोपी को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान प्रवेश शुक्ला के तौर पर हुई है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।