कर्नाटक के मंत्री ने येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी से किया इनकार, कहा- BJP एक अनुशासित पार्टी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कर्नाटक के मंत्री ने येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी से किया इनकार, कहा- BJP एक अनुशासित पार्टी

कर्नाटक में खनन एवं भूविज्ञान मंत्री मुरुगेश आर निरानी ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को हटाने के लिए

पिछले कुछ समय से कर्नाटक की राजनीति में उठापटक जारी है वहीं ये अटकलें भी जोरों पर हैं कि सत्तारूढ़ भाजपा का एक हिस्सा येदियुरप्पा को पद से हटाने की कोशिश कर रहा है। वहीं कर्नाटक में खनन एवं भूविज्ञान मंत्री मुरुगेश आर निरानी ने मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को हटाने के लिए गोलबंदी करने की बात से इनकार करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय नेतृत्व के किसी भी फैसले का पालन करेंगे।
भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और दूसरी पार्टियों की तरह यहां पदों के लिए गोलबंदी नहीं चलेगी
निरानी ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह भाजपा के एक सामान्य पदाधिकारी हैं और पार्टी के आदेश का पालन करना उनका कर्तव्य है। मंत्री ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और दूसरी पार्टियों की तरह यहां पदों के लिए गोलबंदी नहीं चलेगी। येदियुरप्पा ने घोषणा की थी कि वह पार्टी नेतृत्व के निर्देश का पालन करेंगे। इसके बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर जिन लोगों के नाम पर अटकलें लग रही हैं, उनमें निरानी का नाम भी शामिल है।
मुख्यमंत्री को हटाने का कोई निर्देश नहीं
मंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को हटाने का कोई निर्देश नहीं है। वह अब भी हमारे नेता हैं और हम सभी उनके साथ हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मुख्यमंत्री पद पर फैसला लेगा और हम सभी को इसका पालन करना होगा।’’ निरानी करीब एक पखवाड़ा पहले दिल्ली आए थे और अपने इस दौरे को ‘सफल’ बताया था, हालांकि उन्होंने येदियुरप्पा को समर्थन भी दोहराया था।
राष्ट्रीय नेता सभी कारकों पर गौर करने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सही व्यक्ति का चुनाव करेंगे
गोलबंदी के सवाल पर निरानी ने कहा, ‘‘मैंने अपने जीवन में किसी पद के लिए गोलबंदी नहीं की। पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी मैंने उसे निभाया। हमारे राष्ट्रीय नेता सभी कारकों पर गौर करने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सही व्यक्ति का चुनाव करेंगे।’’ निरानी तीन बार विधायक रहे हैं और वह एक उद्योगपति हैं और चीनी मिल चलाने वाले एमआरएन ग्रुप के मालिक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

14 − 12 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।