देश में लगातार बढ़ रहे हरी सब्जियों के दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। बता दें बे-मौसम बारिश की वजह से टमाटर के दामों में बढ़ोतरी बरकरार है। तो वहीं, झारखंड में टमाटर और सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली रही है। साथ ही बाजार में कुछ सब्जियों को छोड़कर 50 रुपये किलो से कम की कोई नहीं है। किलो की जगह लोग पाव में सब्जी खरीद रहे हैं। रॉकेट की रफ्तार से टमाटर की कीमत बढ़ रही है। जहां कुछ दिन पहले 50 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 120 रुपये किलो पहुंच गया।
सब्जी की कीमत बढ़ने से गृहिणियों का बजट बिगड़ गया
आपको बता दें सिर्फ टमाटर ही नहीं बैगन भी 60 रुपये किलो पहुंच गया। सब्जी की कीमत बढ़ने से गृहिणियों का बजट बिगड़ गया।दो-तीन की जगह एक सब्जी से ही काम चला रहीं हैं। कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से आवक कमजोर हो गयी।राज्य के अलग-अलग मंडियों से सब्जी का आती है। जहां हर दिन 30 से 32 गाड़ी सब्जी रांची की मंडी में आती है, वह घटकर अब 15 से 18 गाड़ी पर आ गयी है। आवक कमजोर होने की वजह से सब्जी के भाव तेज हो गये। बाजार में एक ग्राहक ने बताया कि, टमाटर इतना महंगा हो गया है कि खरीदना मुश्किल हो गया है। पेट्रोल से ज्यादा महंगा टमाटर हो गया है, लेकिन खाना है तो खरीदना पड़ रहा है।
अदरक 300 से 350, लहसुन 200 रुपए किलो
दरअसल, बाजार में सभी सब्जियों के दाम बढ़े है।टमाटर 100 से 120 रुपए बिक रहा है। खीरा 40 से 50 रुपए किलो, फूलगोभी 40 से 60 रुपए, पटल 25 से 30 रुपए, पत्तागोभी 25 से 40 रुपए, बैंगन 50 रुपए, भिंडी 30 से 40 रुपए, परवल 40 से 60 रुपए, धनिया पत्ता 200 से 300 रुपए, अदरक 300 से 350, लहसुन 200 रुपए किलो पहुंच गया है।


















