भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आज कहा कि विपक्षी दलों का सेना के शौर्य का सबूत मांगना शर्मनाक है।
श्री विजयवर्गीय ने आज यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दूसरी बार एयर स्ट्राइक कर दुश्मन की सीमा में घुसकर उसे मारा। जाबांज जवान दुश्मन को मारकर अपनी सीमा में सही सलामत लौट आये, लेकिन विपक्षी दल और तथाकथित बुद्धिजीवी हमले का सबूत मांग रहे हैं। उन्होंने यहां भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि 2019 में श्री नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना है, लिहाजा लोकसभा चुनाव के लिये कार्यकर्ता कमर कस लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ते हुये कहा कि भारतीय सेना दुश्मन से निपटना जानती है, हमें बस देश के भीतर के दुश्मनों से निपटना है।