हिमंत विश्व शर्मा ने कहा- 'त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी, तीनों पूर्वोत्तर राज्यों में सरकार बनाएगा राजग' - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हिमंत विश्व शर्मा ने कहा- ‘त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी, तीनों पूर्वोत्तर राज्यों में सरकार बनाएगा राजग’

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सक्षम होगा और इनमें से किसी भी राज्य में त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। कई ‘एक्जिट पोल’ में त्रिपुरा और मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा होने का पूर्वानुमान जताया गया है। पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (एनईडीए) के संयोजक शर्मा ने कहा कि बृहस्पतिवार को परिणाम घोषित होने के बाद राजग का कोई भी साथी कांग्रेस या तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगा। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कोई त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। राजग तीनों राज्यों में सरकार बनाएगा।’’ कई ‘एग्जिट पोल’ में त्रिपुरा और मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान जताया गया है, हालांकि इसके अनुसार राजग सबसे बड़ा समूह होगा। ‘एक्जिट पोल’ में केवल नगालैंड में राजग को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी का पूर्वानुमान जताया गया है।
त्रिपुरा में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा
तीन राज्यों में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि त्रिपुरा और नगालैंड में यथास्थिति रहेगी। इससे वे अटकलें शांत हो गईं जिनमें दावा किया जा रहा था कि त्रिपुरा में नेतृत्व परिवर्तन देखा जा सका है शर्मा ने कहा, ‘‘त्रिपुरा में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा, जबकि हम नगालैंड में गठबंधन सरकार में हैं।’’ उन्होंने कहा कि मेघालय के लिए मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा द्वारा जीती गई सीटों की संख्या पर विचार करने के बाद किया जाएगा। 
राज्य में टीएमसी या कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा
भाजपा ने राज्य में किसी भी पार्टी के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं किया है, हालांकि एनपीपी के साथ उसकी एक सहमति है। शर्मा ने कहा, ‘‘हालांकि किसी भी राज्य में टीएमसी या कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।’’ वर्तमान में, त्रिपुरा में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं, जबकि नगालैंड और मेघालय में सरकारें क्रमशः नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व में हैं। त्रिपुरा में 16 फरवरी को और नगालैंड तथा मेघालय में 27 फरवरी को चुनाव हुए थे। परिणाम 2 मार्च को घोषित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

7 − 3 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।