हिमाचल चुनाव 2022 : भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर, मुख्यमंत्री अपनी सीट पर आगे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

हिमाचल चुनाव 2022 : भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर, मुख्यमंत्री अपनी सीट पर आगे

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध सुबह 11 के बजे के आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 35 और भाजपा 30 सीटों पर आगे है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
आम आदमी पार्टी किसी भी सीट पर आगे नहीं
आगे चल रहे उम्मीदवारों में सराज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, दरंग से भाजपा के पूरन चंद, जुब्बल कोटखाई से पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा, मंडी सदर से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा और किन्नौर से विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी जगत सिंह नेगी शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री हरोली विधानसभा सीट से आगे हैं तो ठियोग विधानसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राठौर तथा धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा आगे हैं।
 68 में से 40 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आशा कुमारी डलहौजी विधानसभा सीट से पीछे चल रही हैं तो कांग्रेस नेता कौल सिंह दरंग से पीछे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपनी पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि वह 68 में से 40 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। हिमाचल की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को हुए चुनावों की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है। 
412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 
हिमाचल में 59 स्थानों पर वोटों की गिनती की जा रही है। इन चुनावों में 76.44 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। हिमाचल में कुल 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है, जिनमें 24 महिलाएं और 99 निर्दलीय शामिल हैं। पहले 30 मिनट में डाक मतपत्रों की गिनती हुई, जिसके बाद साढ़े आठ बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज वोटों की गणना आरंभ की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।