बद्रीनाथ और केदारनाथ में हुई जोरदार बर्फबारी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

बद्रीनाथ और केदारनाथ में हुई जोरदार बर्फबारी

चमोली जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ के

चमोली : चमोली जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ के साथ ही माणा और नीती घाटियों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार को जिले के निचले क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाए रहे। दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ ही बर्फबारी हुई। जोशीमठ क्षेत्र में भी बूंदाबांदी हुई, जिससे यहां भारी ठंड पड़ रही है।

गोपेश्वर में भी दोपहर बाद बर्फीली हवाएं चलने से लोग अपने घरों में दुबके रहे। केदारनाथ में दो घंटे हुई बर्फबारी, ठंड बढ़ी सोमवार शाम को केदारनाथ में दो घंटे तक हल्की बर्फबारी हुई, जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। धाम में अधिकतम तापमान 8 व न्यूनतम माइनस 2 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में हल्की बूंदाबांदी हुई।

केदारपुरी में सुबह से सूरज और बादलों की आंखमिचौली हो रही थी। दोपहर बाद यहां घने बादल छाने लगे थे। जबकि शाम चार बजे से 6 बजे तक बर्फबारी हुई। इसके बाद भी हवा के साथ बर्फ की फांके गिरती रही। धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य कर रहे वुड स्टोन कंपनी के प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम खराब होने से ठंड बढ़ गई है। दूसरी तरफ तुंगनाथ, मद्महेश्वर, हरियाली डांडा, त्रियुगीनारायण गांव के ऊपरी हिस्सों में हिमपात हुआ है।

रुद्रप्रयाग में बूंदाबांदी…रुद्रप्रयाग में शाम 5 बजे के बाद कुछ देर हल्की बूंदाबांदी हुई। आज हल्की बारिश का अनुमानप्रदेश के कुछ इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार लगभग सभी क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फ गिरने का भी अनुमान है। वहीं राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने 10 से 12 दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छा सकता है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 13 दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।