गोवा में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी इतनी ही तेज बारिश होगी। मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के तटवर्ती जिलों रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान ‘क्यार’ के कारण भारी बारिश होने के आसार हैं।
बारिश के कारण शुक्रवार को कनकोना और मडगांव के बीच कई स्थानों पर मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पानी में डूबा रहा। मंडोवी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण चोराव और दीवर द्वीपों पर यातायात बाधित रहा। नदी एवं नेविगेशन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहाँ कहा, “मंडोवी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हमने इन दोनों द्वीपों से मुख्य भूमि तक फेरी सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी है।“
मौसम विभाग के शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार गोवा में एक दो जगहों पर 25 और 26 अक्टूबर को भारी बारिश होने का अंदेशा है। पूर्वी केंद्रीय अरब सागर के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र ने 25 अक्टूबर को ‘क्यार’ चक्रवात का रूप ले लिया था।