गोवा विधानसभा ने सोमवार को ‘चंद्रयान-2’ के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण के लिए भारत अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी। विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष राजेश पाटनेकर ने कहा कि यह देश के लेागों के लिए काफी गौरवान्वित क्षण है।
उन्होंने इसरो को चंद्र मिशन के लिए बधाई देते हुए सदन में कहा, ‘‘ आप के लिए एक अच्छी खबर है। भारत ने सफलतापूर्वक अपने चंद्रयान-2 मिशन को प्रक्षेपित किया है। यह हमारे लिए गौरव का पल है।’’
भारत ने ‘‘अनगिनत सपनों को चांद पर ले जाने’’ के उद्देश्य से अपने दूसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-2’ का सोमवार को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) से सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। ‘बाहुबली’ नाम के सबसे ताकतवर रॉकेट जीएसएलवी-मार्क ।।। एम 1 ने प्रक्षेपण के करीब 16 मिनट बाद यान को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।


















