देहरादून : उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच मौसम का मिजाज और कड़क होता जा रहा है। गढ़वाल मंडल के चारधाम सहित औली, हर्षिल, चोपता व तुंगनाथ में जमकर बर्फबारी हुई। वहीं कुमाऊं के उच्च हिमालय क्षेत्र समेत मुनस्यारी में हिमपात से समूचा क्षेत्र कड़ाके की ठंड के जद में आ गया है। दून एवं मसूरी में दिन के समय हल्के बादलों के कारण ठंड महसूस हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के अलावा औली, हर्षिल, चोपता, तुंगनाथ में रुक-रुककर हिमपात हो रहा है, जिससे समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है।
चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी व अल्मोड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई तालाब व झरनों का पानी जम गया है। लगातार एक सप्ताह से अल्मोड़ा का न्यूनतम तापमान माइनस से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। पंतनगर का तापमान भी माइनस में रिकार्ड किया गया। मसूरी में लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 18.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 13.5 व न्यूनतम तापमान से एक डिग्री अधिक 4.3 डिग्री रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आगे दो दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
– सुनील तलवाड़