ओडिशा के कंधमाल जिले के एक जंगल में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक महिला माओवादी मारी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि विशेष अभियान समूह (एसओजी) और जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) ने गुप्त जानकारी के आधार पर कंधमाल के सिरला वन में एक संयुक्त अभियान चलाया था। उसी दौरान मुठभेड़ हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जैसे ही सुरक्षाकर्मी माओवादियों के ठिकाने के पास पहुंचे, माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने इसका उचित जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान हुई गोलीबारी में एक महिला माओवादी की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य माओवादी भाग गए।