अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहा किसान : अंसारी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहा किसान : अंसारी

उक्त बातें समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि मिल मालिक किसानों

हरिद्वार : समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। जिस किसान ने भारत को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाया, वही किसान उत्तराखण्ड राज्य में अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। जनपद हरिद्वार में गन्ना किसानों के साथ मिल मालिक बदसलूकी कर रहे हैं और जिला प्रशासन मौन साधकर तमाशा देख रहा है।

इसको समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी और तीन दिन के अन्दर यदि गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतर कर संघर्ष करेगी। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी ने रविवार को कही। उन्होंने कहा कि मिल मालिक किसानों को पर्ची जारी नहीं कर रहे हैं।

चर्खी तथा क्रेशर मालिकों के माध्यम से आधी कीमतों पर गन्ना खरीद कर कृषकों का शोषण कर रहे हैं। मिल की तानशाही से तंग आकर एक किसान जहर खा चुका है। गन्ना समितियों में भ्रष्टाचार का नंगा नाच हो रहा है। जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। गन्ना कृषकों के ट्रैक्टरों का आरटीओ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर चालान कर रहे हैं, जबकि बाहरी ट्रकों से अवैध वसूली कर सरकार को राजस्व हानि पहुंचायी जा रही है।

उन्होंने आरटीओ की कार्यशैली पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेत से चीनी मिल तक ट्रैक्टर से गन्ना लेकर जाते हैं। आरटीओ उनको चालान की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे हैं। भाजपा सरकार को कृषक विरोधी बताते हुए सपा नेता ने कहा कि पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।