गुजरात की दो राज्यसभा सीटों के लिए दिनेश और रामभाई मोकारिया होंगे भाजपा के उम्मीदवार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गुजरात की दो राज्यसभा सीटों के लिए दिनेश और रामभाई मोकारिया होंगे भाजपा के उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह रामभाई मोकारिया और दिनेशभाई प्रजापति को गुजरात

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह दिनेशभाई प्रजापति और रामभाई मोकारिया को गुजरात की दो खाली राज्यसभा सीटों के लिए मैदान में उतारेगी। इन सीटों के लिए एक मार्च को मतदान होगा। बता दें, कांग्रेस के सदस्य अहमद पटेल और भाजपा सदस्य अभय भारद्वाज की मृत्यु के कारण दोनों सीटें खाली हो गईं थी। कोविड महामारी के कारण पिछले वर्ष 25 नवंबर को पटेल की और 1 दिसंबर को भारद्वाज की मौत हो गई थी।
बहरहाल, भाजपा के दोनों उम्मीदवार गुरुवार तक अपना नामांकन दाखिल करेंगे। रामभाई मोकारिया मारुति कोरियर्स के संस्थापक सीएमडी हैं और राजकोट में भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। वह 1974 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य थे और बाद में 1978 में जनसंघ में शामिल हो गए। तब से वह भाजपा के साथ हैं। मोकारिया ब्राह्मण समुदाय से हैं।दिनेश प्रजापति अन्य पिछड़ा समुदाय से हैं और उत्तरी गुजरात के बनासकांठा के रहने वाले हैं। वह भाजपा बक्शीपंच मोर्चा के प्रमुख हैं। वह गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम के पूर्व निदेशक हैं। वह भाजपा बनासकांठा के जिला महासचिव भी रह चुके हैं। नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 18 फरवरी है। नामांकन की जांच 19 फरवरी को होगी, जबकि नाम वापस लेने का अंतिम दिन 22 फरवरी है।1 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे तक होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 3 मार्च तक पूरी हो जाएगी।
गौरतलब है कि अहमद पटेल को 2017 में राज्यसभा के लिए चुना गया था और उनका कार्यकाल 18 अगस्त, 2023 को समाप्त होना था। भाजपा के अभय भारद्वाज को जून, 2020 में चुना गया था और उनका कार्यकाल 21 जून, 2026 को समाप्त होना था। दूसरी तरफ, विपक्ष की प्रमुख पार्टी कांग्रेस ने दो अलग-अलग चुनाव कराने पर निर्वाचन आयोग के फैसले को चुनौती देने का निर्णय किया है, इस पर कांग्रेस ने दावा किया है कि इससे भाजपा को दोनों खाली सीटों को जीतने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।