किन्नौर भूस्खलन : 3 और शव मिलने के बाद 28 हुई मृतकों की संख्या, खोज और बचाव अभियान जारी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

किन्नौर भूस्खलन : 3 और शव मिलने के बाद 28 हुई मृतकों की संख्या, खोज और बचाव अभियान जारी

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को 3 और शव मिलने से भूस्खलन में मरने वालों की

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को 3 और शव मिलने से भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने कहा कि भावनगर डीएसपी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार निचार तहसील में राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर चौरा गांव में तीन शव मिले हैं। उन्होंने कहा कि खोज और बचाव अभियान, जो सोमवार रात को रोक दिया गया था, आज सुबह फिर से शुरू हो गया।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। चौरा गांव के पास 11 अगस्त को भूस्खलन हुआ था। हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस, एक एसयूवी और अन्य वाहन मलबे की चपेट में आ गए थे। घटना वाले दिन, 10 शव बरामद किए गए थे और 13 लोगों को बचाया गया था। सोमवार तक पंद्रह और शव मिल चुके थे।
मोख्ता ने कहा कि एसयूवी और उसके यात्रियों का अभी तक पता चला है, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यह संभव है कि वाहन मलबे के साथ लुढ़क गया हो। गुरुवार को एचआरटीसी की बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली थी। पहाड़ से नीचे पत्थर गिरने से नदी किनारे लुढ़क गया एक ट्रक भी मिला है और चालक का शव बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।