देशभर में कोरोना वायरस का कहर तेजी से फैल रहा है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को राज्य में कोरोना के 811 नए मामलों की पुष्टि हुई। 811 नए मामलों के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7628 तक पहुंच गई है। साथ ही शनिवार को कोरोना से 22 और लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद राज्य में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 323 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
वहीं, राज्य में सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई में शनिवार को कोरोना से 57 वर्षीय सिपाही की निजी अस्पताल में मौत हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से किसी पुलिसकर्मी की मौत का यह पहला मामला है। सिपाही पश्चिमी उपनगर में एक पुलिस थाने से जुड़ा था। वह दक्षिण मुंबई के वर्ली नाका इलाके में रहता था। इससे पहले अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र में अबतक 15 अधिकारियों समेत कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24, 942 तक पहुंच गई है, जबकि 779 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अबतक कुल 5,210 लोग ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं।