तमिलनाडु में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है। संक्रमितों की संख्या दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को राज्य में कोरोना के 3,713 नए मामलों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 78,335 तक पहुंच गई है। वहीं, 68 और लोगों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,025 तक पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
राज्य में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के 3500 से ज्यादा नये मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार शनिवार को कोविड-19 के 2,737 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। अब तक 44,094 कोविड-19 मरीज संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं।
राज्य सरकार ने जांच भी बढ़ा दी है। शनिवार को अब तक के सर्वाधिक 34,805 नमूनों की जांच की गयी। राज्य में कुल मिलाकर 10,77,454 नमूनों की जांच की गयी है। बुलेटिन के अनुसार फिलहाल 33,213 लोगों को कोविड-19 का इलाज चल रहा है।
ॉबताते चले कि देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया है। देशभर में संक्रमितों की संख्या 5,08,953 तक पहुंच गई है और 15,685 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 2,95,881 लोग ठीक हो चुके हैं।