झारखंड में कांग्रेस ने झामुमो के साथ गठबंधन की कवायद की तेज - Punjab Kesari
Girl in a jacket

झारखंड में कांग्रेस ने झामुमो के साथ गठबंधन की कवायद की तेज

कांग्रेस के झारखंड के प्रभारी आर पी एन सिंह ने मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव

झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र कांग्रेस ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ चुनावी गठबंधन की क़वायद तेज़ कर दी है। कांग्रेस के झारखंड के प्रभारी आर पी एन सिंह ने मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के साथ बैठक की। 
झामुमो के साथ गठबंधन के बारे में स्पष्ट जवाब देने से बचते हुये सिंह ने सिर्फ़ इतना ही कहा कि राज्य में चुनावी तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ विचार-विमर्श चल रहा है। उल्लेखनीय है कि झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिये 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरण में मतदान होगा। 
झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि राज्य की रघुवर दास सरकार से लोगों में निराशा के मद्देनजर प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है। इसे देखते हुये कांग्रेस सहित सभी दलों की ओर से विधानसभा चुनाव में भाजपा को परास्त करने के लिये गठबंधन की कवायद चल रही है। 
प्रसाद ने कहा कि गठबंधन के स्वरूप और सीटों के बंटवारे का फैसला कांग्रेस नेतृत्व को करना है। इस बारे में जो भी फैसला किया जायेगा, पार्टी कार्यकर्ता उसके अनुरूप चुनाव मैदान में जायेंगे। समझा जाता है कि झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी दिल्ली में हैं। 
सूत्रों के अनुसार गठबंधन के मुद्दे पर सोमवार को सोरेन कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अहमद पटेल से मिल चुके हैं। दोनों नेताओं ने झारखंड विधानसभा चुनाव में गठबंधन के भावी स्वरूप पर चर्चा की। मंगलवार को सोरेन की आर पी एन सिंह सहित कांग्रेस के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात संभावित है। इसमें सीटों के बंटवारे सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत के बाद ही गठबंधन की तस्वीर साफ होगी। 
लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड में विपक्षी दलों ने महागठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ा था। कांग्रेस की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव भी राजद और बाबूलाल मरांडी की अगुवाई वाले झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) सहित अन्य विपक्षी दल मिलकर महागठबंधन बना कर चुनाव लड़ें। पार्टी की प्रदेश इकाई इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इस कड़ी में महागठबंधन के नेतृत्व के सवाल पर मरांडी द्वारा पिछले सप्ताह अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद उरांव ने रांची में उनसे मुलाकात कर इस फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।