कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में तीन विधायकों को लोकसभा का दिया टिकट - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में तीन विधायकों को लोकसभा का दिया टिकट

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से 5 पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से पांच पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अपने तीन मौजूदा विधायकों को लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दी है। पार्टी ने शनिवार देर रात अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और कांकेर सीटों तथा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जांजगीर-चांपा सीट के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।

कांग्रेस ने प्रेम नगर सीट से विधायक और प्रतिष्ठित आदिवासी नेता खेलसाय सिंह को सरगुजा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए सिंह 1991,1996 और 1999 में सरगुजा लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। चित्रकोट विधानसभा सीट से विधायक और आदिवासी नेता दीपक बैज को बस्तर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

congress

कांग्रेस ने धर्मजयगढ़ सीट से विधायक लालजीत सिंह राठिया को रायगढ़ लोकसभा सीट से टिकट दिया है। है। उनके पिता चनेश राम राठिया छत्तीसगढ़ के अलग होने से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायक रहे चुके हैं। इसके अलावा, कांग्रेस ने बृजेश ठाकुर को कांकेर लोकसभा सीट से उतारा है। वह फिलहाल कांकेर जिला पंचायत सीट के सदस्य हैं।

उनके पिता सत्यनारायण सिंह ठाकुर और दादा रत्न सिंह ठाकुर भी अविभाजित मध्यप्रदेश में कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व सांसद परसराम भारद्वाज के बेटे रवि भारद्वाज जांजगीर चांपा (अजा) लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह ने बताया, ”सभी पांच उम्मीदवार अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जिस तरह से भाजपा को सत्ता से बेदखल किया है उसी तरह पार्टी राज्य की सभी लोकसभा सीटें भी जीतेगी।”

पार्टी ने अभी सामान्य श्रेणी की छह सीटों– रायपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा और दुर्ग– के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। साल 2014 के आम चुनाव ने राज्य की 11 लोकसभा सीटों में से 10 पर जीत दर्ज की थी। दुर्ग लोकसभा सीट से कांग्रेस के एकमात्र उम्मीदवार ताम्रध्वज साहू जीते थे। राज्य में 11,18 और 23 अप्रैल को तीन चरणों में मतदान होना है। भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।