कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज मणिपुर में वर्चुअल रैली को संबोधित किया। प्रियंका ने बीजेपी सरकार पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग को उनके हाल पर ही छोड़ दिया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने मणिपुर के सीएम पर भी हमला बोला।
प्रियंका गांधी ने कहा, “बीजेपी सरकार की केंद्रीय नीतियों से 2-3 बड़े उद्योगपतियों को फायदा होता है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग को अपने दम पर छोड़ दिया जाता है। एक बार मणिपुर में एमएसएमई को मजबूत करने के बाद, हम रोजगार के बड़े अवसर बनाएंगे।” राज्य के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि, आज जो राज्य के मुख्यमंत्री हैं वो आपकी आवाज नहीं सुन रहे हैं। अगर हमारी सरकार आएगी तो हम सिंचाई पर पूरा ध्यान देंगे।
महंगाई को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा-तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि उनकी पार्टी राज्य का विकास चाहती है। मणिपुर में कांग्रेस ने वाम दलों, JD(S) के साथ गठबंधन किया है। पिछले पांच साल में कांग्रेस के 16 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। अफस्पा को खत्म करना मणिपुर में कांग्रेस का अहम चुनावी एजेंडा है।
बता दें कि, चुनाव आयोग द्वारा मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में संशोधन कर दिया है। अब इस राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 27 फरवरी के बजाय अब 28 फरवरी को होगा। जबकि, दूसरे चरण का मतदान 3 मार्च को न होकर 5 मार्च को होगा।