संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रविवार को जारी रहा और विपक्षी कांग्रेस ने सदिया से धुबरी तक 800 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की।
सदिया असम का पूर्वी शहर है जबकि धुबरी सबसे पश्चिमी जिले का मुख्यालय है जो भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित है।
असम प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष रिपुण बोरा ने कहा, ‘‘हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि असम कभी भी इस कानून को स्वीकार नहीं करेगा। यह असम और पूर्वोत्तर के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी असम के लोगों के साथ है।’’
इस मौके पर जमा भीड़ को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य ने कहा कि प्रदर्शन और तेज होगा जबतक कि इस कानून को वापस नहीं ले लिया जाता।
इय बीच रविवार को गुवाहाटी में किशोर सैम स्टफर्ड की याद में शोकसभा आयोजित की गई जिसकी मौत पुलिस की गोलीबारी में हो गई थी। ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) नेताओं, नामी हस्तियों, लेखकों, कलाकारों और आम लोग इस शोक सभा में शामिल हुए और सरकार की बर्बता की निंदा की।
उल्लेखनीय है कि सीएए के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान राज्य में अबतक पांच लोगों की मौत हुई है।